बहन से झगड़ा करने की वजह से आदर्श ने चलाई थी गोली

आयुष ने कहा पत्नी के दूसरे युवक से थे अवैध सम्बंध, जानकारी होने पर हुआ था विवाद

 

लखनऊ। सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष ने मंगलवार को मड़ियांव थाने पहुंच कर एक नई कहानी पुलिस को सुनाई। इस बार आयुष ने बताया कि उसकी पत्नी के दूसरे युवक से अवैध सम्बंध हैं। इसकी जानकारी होने पर घटना के दिन उसका पत्नी से खगड़ा हो गया था। इसके बाद वह घर से बाहर निकल आया था। तभी उसके साले आदर्श ने पीछे से उस पर दो फायर कर दिया। पहली गोली दीवार से टकराई, जबकि दूसरी गोली उसके पीछे से लगी जो कि आरपार हो गई। आयुष ने भी बताया कि जिस पिस्टल से गोली चलाई गई थी,उसे चंदन गुप्ता ने आदर्श को दिया था। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह ने बताया कि मंगलवार को आयुष द्वारा दिए गए बयान में कई तथ्य सामने आए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि आयुष की पत्नी ने रविवार रात अपना एक वीडियो जारी कर आत्महत्या करने की धमकी दी थी और उसने सोमवार की सुबह सांसद कौशल किशोर के घर के बाहर अपनी हाथ की नस काट ली थी।
मोहनलालगंज से सांसद कौशल किशोर व मलिहाबाद विधानसभा से विधायक जयदेवी कौशल के बेटे आयुष (30) को दो मार्च की देर रात मड़ियांव के छठामील इलाके में संदिग्ध हालात में गोली लग गई थी। उसे पुलिस की मदद से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिवारीजनों ने उसकी छुट्टी करवा ली थी। पुलिस की कुछ ही घंटों की पड़ताल में यह खुलासा हो गया था कि आयुष ने अपने विरोधियों को फंसाने के लिए अपने साले आदर्श से खुद पर गोली चलवाई थी। 32 बोर का अवैध पिस्टल और कारतूस भी आयुष ने ही आदर्श को उपलब्ध कराई थी। इस मामले में पुलिस ने बीट इंचार्ज राधेश्याम मौर्य की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आदर्श को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि मुख्य आरोपी सांसद पुत्र आयुष पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। 9 मार्च को इस मामले में आयुष का एक वीडियो सामने आया जिसमे उसने अपनी कथित पत्नी पर साले से मिलकर उसकी हत्या कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया। आयुष की इस वीडियो का समर्थन उसके भाई और मां जयदेवी ने भी किया था। शुक्रवार को आयुष को कोर्ट से गिरफ्तारी स्टे मिलने के बाद पुलिस ने उसे धारा-41 की नोटिस तामील करा कर थाने बुलाया। जिस पर वह रविवार को थाने पहुंचा और खुद के बयान दर्ज कराया। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक बार उसे फिर से घटना क्रम बताने के लिए बुलाया गया था। उसने जो भी अपने बयान में कहा है, उसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!