यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन
लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में ली अंतिम सांस, वह पिछले डेढ़ महीने से चल रहे थे बीमार

क्राइम रिव्यू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का शनिवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले डेढ़ महीने से बीमार चल रहे थे। उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को 4 जुलाई को नाजुक अवस्था में पीजीआई शिफ्ट किया गया था। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में उपचार होने के करीब चार दिन बाद कल्याण की तबीयत में काफी सुधार हुआ। वह लोगों से बातचीत करने के साथ उनका जवाब भी दे रहे थे। 17 जुलाई को सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया। अगले दिन फेफड़ों को जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन न मिलने पर 18 जुलाई को गले में नली (नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन) डाली गई। ज्यादा दिक्कत बढ़ने पर 21 जुलाई को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। दो दिन से गुर्दे की काम करने की गति धीमी होने पर डॉक्टरों ने डायलिसिस शुरू कर दी है। इसके अलावा अन्य अंगों पर भी दबाव पड़ रहा है।
शुक्रवार को ही सीएम योगी आदित्यनाथ, कल्याण सिंह की तबीयत का जायजा लेने एसजीपीजीआई गए थे। तब वहां पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने बताया था कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई थी और मेडिकल एक्सपर्ट, उनके स्वास्थ्य की निगरानी लगातार रख रहे थे। लेकिन उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था और भांति हाई प्रेशर ऑक्सीजन भी देनी पड़ रही थी। लेकिन शनिवार देर रात स्थिति ज्यादा बिगड़ गई और डॉक्टरों की टीम भी कल्याण सिंह को नहीं बचा पाई।