बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन से केंद्रीय विद्यालय अलीगंज बना चैंपियन

केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में आयोजित संभागीय एथलीट प्रतियोगिता (बालिका एवं बालक वर्ग) का समापन

क्राइम रिव्यू
लखनऊ। केंद्रीय विद्यालय अलीगंज द्वारा आयोजित 51वीं संभागीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में केंद्रीय विद्यालय अलीगंज ने चैंपियन की ट्राफी पर कब्जा जमाया। जबकि बालक वर्ग में केन्द्रीय विद्यालय आर.आर.सी.फतेहगढ़ ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का समापन गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान में पदक एवं ट्रॉफी वितरण के साथ हुआ।
पिछले सात दिनों से अनवरत जारी विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की विभिन्न विधाओं में लखनऊ संभाग के 40 केंद्रीय विद्यालयों से आए लगभग 550 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणामों में बालिका वर्ग में केन्द्रीय विद्यालय अलीगंज प्रथम, केन्द्रीय विद्यालय आर.आर.सी.फतेहगढ़ द्वितीय एवं केन्द्रीय विद्यालय ए.एम.सी. तृतीय स्थान पर रहे। बालक वर्ग में केन्द्रीय विद्यालय आर.आर.सी.फतेहगढ़ प्रथम, केन्द्रीय विद्यालय आई.आई.एम द्वितीय एवं केन्द्रीय विद्यालय एम.सी.एफ. लालगंज तृतीय स्थान पर रहे। समापन समारोह में विद्यालय की प्राचार्या संगीता यादव ने सभी विजेताओं  को पदक और ट्रॉफी वितरण किया। उन्होंने हार जीत की भावना से ऊपर उठकर उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों एवं उनके अनुरक्षकों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जीत का महत्व है, परंतु वास्तविक जीत केंद्रीय विद्यालय संगठन की है जहां छात्रों को खेलने और सीखने के इतने अच्छे अवसर मिलते हैं।
प्राचार्य ने डी.के द्विवेदी, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन लखनऊ संभाग, का विशेष धन्यवाद किया और कहा कि उनके सहयोग से स्पोर्ट्स कॉलेज के गुणवत्तापूर्ण मैदान में केंद्रीय विद्यालय के छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। विजयी प्रतिभागियों में से चयनित प्रतिभागी अक्टूबर माह में होने वाले केन्द्रीय विद्यालय संगठन की 51वीं राष्ट्रीय खेल कूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!