जानकीपुरम् विस्तार में बनेगा सामुदायिक केन्द्र, तालाब का होगा सौन्दर्यीकरण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने जानकीपुरम् विस्तार का दौरा कर अधिकारियों को दिये निर्देश

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जानकीपुरम् विस्तार में सामुदायिक केन्द्र का निर्माण और तालाब का सौन्दर्यीकरण कराया जायेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने मंगलवार को जानकीपुरम् विस्तार का दौरा कर अधिकारियों को इस सम्बन्ध में दिशा निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं भी सुनी और उनके निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जानकीपुरम् विस्तार में भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने अलग-अलग सेक्टरों मंे जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-4 में सामुदायिक केन्द्र का निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये। इसके बाद वह सेक्टर-3 पहुँचे, जहाँ उन्होंने खरगापुर तालाब के सौन्दर्यीकरण का कार्य कराये जाने के लिए कहा। इस मौके पर जानकीपुरम् विस्तार सोसाइटी के अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, महासचिव विनय कृष्ण पाण्डेय, गोपाल जी निगम और सन्तोष त्रिपाठी ने उपाध्यक्ष से मुलाकात करके उन्हें स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को फुटपाथों पर से अतिक्रमण हटवाकर पौधारोपण कराये जाने और सेक्टर-6 स्थित सब्जी मण्डी को हटाये जाने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने भवानी चैरहे पर निर्मित बड़े गोलाकार को छोटा कराये जाने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-8 स्थित प्ले-ग्राउण्ड का निरीक्षण कर इसे विकसित कराने के भी निर्देश दिये। यहां स्थानीय लोगों द्वारा रिहाइशी इलाके में चल रही शराब की दुकान को हटाये जाने की मांग की गई। इस पर उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आबकारी विभाग को पत्र भेजकर उनसे समन्वय स्थापित करके उक्त दुकान को हटवाने की कार्यवाही करवायें। इसके अलावा उन्होंने यहां के रिक्त भूखण्डों/व्यावसायिक सम्पत्तियों के आवंटन की कार्यवाही भी प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य अभियन्ता इन्दुशेखर सिंह, अधिशासी अभियंता के.के. बंसला और सहायक अभियंता विपिन कुमार त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!