पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान के कारण भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी :पीएम मोदी

पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर पीएम ने देश के छोटे किसानों, रेहड़ी वालों व महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं और उससे होने वाले लाभों का भी जिक्र किया

क्राइम रिव्यू

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के 41वें स्थापना दिवस के मौके पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके ही योगदान के कारण भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन सकी है। इसके अलावा उन्होंने देश के छोटे किसानों, रेहड़ी वालों व महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं और उससे होने वाले लाभों का भी जिक्र किया।

धमकियों व हमलों के बावजूद अडिग रहते हैं हमारे कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘यह भाजपा ही है जहां कार्यकर्ता अपना तन, मन, धन देकर पार्टी की सेवा करते हैं। सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी के लिए अपना बलिदान दे चुके हैं। सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया है। केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में हमारे कार्यकर्ताओं को धमकियां दी जाती हैं। उन पर हमले होते हैं, उनके परिवार पर हमले होते हैं। लेकिन अपनी विचारधारा के लिए वो अडिग रहते हैं, डटे रहते हैं। वहीं वंशवाद और परिवारवाद का हश्र भी 21वीं सदी का भारत देख रहा है।’

भाजपा को ताकत देते हैं कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत का जन-जन और देश का कण-कण हमारे लिए पवित्र है। उनकी सेवा हमारे लिए राष्ट्र सेवा है। सत्ता हमारे लिए पवित्र राष्ट्र सेवा का माध्यम है। पद हमारे लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करने का दायित्व है। भाजपा कार्यकर्ता होना हमारे लिए जीवन मंत्र है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज भाजपा से गांव-गरीब का जुड़ाव इसलिए बढ़ रहा है क्योंकि आज वो पहली बार अंत्योदय को साकार होते देख रहा है। आज 21वीं सदी में जन्म देने वाला युवा, भाजपा के साथ है, भाजपा की नीतियों, भाजपा के प्रयासों के साथ है।’ उन्होंने कहा, कार्यकर्ता BJP को ताकत देते हैं, जनता के बीच काम करते हुए संगठन की शक्ति को और बढ़ाते हैं। अपने जीवन, आचरण, प्रयासों से वो जनता का दिल जीतने का काम अविरत करते रहते हैं। कार्यकर्ताओं के प्रयासों से आज BJP दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है।’

चुनाव जीतने वाली मशीन का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार का मूल्यांकन उसके डिलिवरी सिस्टम से हो रहा है। ये देश में सरकारों के कामकाज का नया मूलमंत्र बन रहा है। बावजूद इसके, दुर्भाग्य ये है कि भाजपा अगर चुनाव जीते तो उसे चुनाव जीतने की मशीन कहा जाता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जो लोग कहते हैं कि BJP चुनाव जीतने की मशीन है, वो एक प्रकार से भारत के लोकतंत्र की परिपक्वता को समझ नहीं पाते। वो भारत के नागरिकों की सूझ-बूझ का आकलन नहीं कर पाते। सच्चाई ये है कि BJP चुनाव जीतने की मशीन नहीं, देश और देशवासियों का दिल जीतने वाला एक अनवरत-अविरल अभियान है।’

सबकी जरूरतों पर संवेदनशीलता के साथ करते हैं काम

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आप सभी को भाजपा स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। पार्टी के गौरवशाली यात्रा के आज 41 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये 41 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि सेवा और समर्पण के साथ कोई पार्टी कैसे काम करती है।’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमारे देश में राजनीतिक स्वार्थ के लिए दलों के टूटने के अनेकों उदाहरण हैं लेकिन देशहित में लोकतंत्र के लिए दल के विलय की घटनाएं शायद ही कहीं मिलेंगी। भारतीय जनसंघ ने ये करके दिखाया था। ‘ उन्होंने कहा, ‘हमारी कार्यशैली है हम किसी से छीनते नहीं, सबकी आवश्यकता पर संवेदनशीलता से काम करते हैं।’ प्रधानमंत्री ने किसानों का मुद्दा उठाया और कहा कि पहले की सरकारों की प्राथमिकता में छोटे किसान नहीं थे लेकिन हमारी सरकार ने छोटे किसानों की बेहतरी के लिए कई नए कार्यक्रमों की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!