राष्ट्रीय पर्वों पर एलडीए जारी करेगा बुलेटिन

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बुलेटिन के प्रकाशन के सम्बंध में गठित की समिति

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर बुलेटिन जारी करेगा। इसमें प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ अधिकारियों व कर्मचारियों के रचनात्मक लेख व कविताओं का भी संकलन होगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने इस सम्बंध में निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने बुलेटिन के संपादन एवं प्रकाशन कार्य के लिए समिति का भी गठन किया है।

उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि इस बुलेटिन का नाम “एल0डी0ए- एक नजर“ होगा। इसमें प्राधिकरण के क्रिया-कलापों, नवीन योजनाओं की कार्य योजना, आवंटन हेतु उपलब्ध सम्पत्तियों तथा अधिकारियों/कर्मचारियों की रचनात्मक रचनाओं एवं कविताओं का संकलन होगा। इस बुलेटिन का प्रकाशन राष्ट्रीय पर्वों (15 अगस्त, 2 अक्टूबर तथा 26 जनवरी) के अवसर पर किया जाएगा। इस बुलेटिन के माध्यम से जन सामान्य को प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल जाएगी और प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी रचनात्मक रचनाओं के लिए एक प्लेटफार्म भी मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस बुलेटिन के संपादकीय एवं प्रकाशन कार्य हेतु अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। जिसमें मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल, अधिशासी अभियंता संजीव गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी, उप सचिव माधवेश कुमार और सहायक लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि समिति द्वारा बैठक करके बुलेटिन के प्रकाशन के सम्बंध में कार्य योजना तैयारी की जाएगी और 15 दिनों में विवरण तैयार करके उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!