लखनऊ। राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा बाल-बाल टला। एक लड़की ने चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रेन की गति बढ़ते ही महिला यात्री का संतुलन नहीं बन पाया। जिसके कारण वह प्लेटफार्म पर ही गिर गई। तभी मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए गाड़ी के साथ घिसटती हुई लड़की को सकुशल बचाया। इस दौरान प्लेटफार्म पर हड़कंप मच गया।
पैर फिसला और घिसटती गई युवती
दरअसल, लखनऊ से चलकर नई-दिल्ली जाने वाली 02419 गोमती एक्सप्रेस चारबाग रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। यह ट्रेन रफ्तार पकड़ ही रही थी कि तभी लड़की ने चढ़ने का प्रयास किया। इस बीच महिला का पैर फिसल गया। वह प्लेटफार्म पर घिसटने लगी। चींख सुनकर ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल कर्मचारी विनीता कुमारी की नजर उस लड़की पर पड़ी। दौड़कर लड़की को प्लेटफार्म के नीचे जाने से बचा लिया।
इससे पहले भी चार जनवरी को रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मचारी विनीता कुमारी ने एक महिला यात्री को चलती ट्रेन से उतरते गिरने से वक्त बचाया था। जिसके लिए विनीता को मंडल रेल प्रबंधक संजय त्रिपाठी ने पुरुस्कृत भी किया गया था।