लखनऊ : शराब पीने से रोकने पर पत्नी को गला दबाकर मार डाला, शव को दो मंजिल से फेंका

इंदिरानगर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। इंदिरानगर के श्याम विहार फेज 2 निवासी एक महिला को पति को शराब पीने से रोकना महंगा पड़ा गया। पत्नी की टोका टाकी से नाराज पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को दो मंजिला मकान की छत से बगल के खाली प्लाट में फेंक दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचीं इंदिरानगर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर इंदिरानगर रामफल प्रजापति ने बताया कि श्याम बिहार फेज 2 निवासी विनीत कुमार पत्नी शशि यादव (28) व दो बच्चों के साथ रहता है। विनीत सब्जी बेचता है। इंस्पेक्टर के मुताबिक विनीत शराब पीने का आदी है। शराब पीकर वह पत्नी शशि से झगड़ा करता था। रोज के झगड़े से तंग आकर वह अपने मायके बाराबंकी चली गई थी। दो दिन पहले ही वह वापस आई थी। पुलिस के मुताबिक बुधवार को सुबह फिर पति व पत्नी में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति विनीत ने शशि की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के इरादे से बगल के खाली प्लाट में शव को अपने दो मंजिल के मकान की छत से नीचे फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने प्लाट में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पत्नी द्वारा बात बात पर झगड़ा करने पर आक्रोश में हत्या करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!