गंगा आरती के मनोरम दृश्य के साथ 15 वां यूपी महोत्सव का आगाज

यूपी महोत्सव जन जन का महोत्सव है: अपर्णा यादव

क्राइम रिव्यू
लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में सेक्टर ओ पोस्टल ग्राउण्ड अलीगंज में शनिवार से 15 वां यूपी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने किया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि अपर्णा यादव ने कहा कि यूपी महोत्सव जन जन का महोत्सव है। महोत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वप्न आत्म निर्भर भारत की संकल्पना को साकार कर रहा है। उन्होंने प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां हस्तशिल्प कारीगरों को बेहतर मौका मिल रहा है। मेले व महोत्सव का आयोजन करना सामाजिक सरोकार का काम है। ऐसे आयोजन धर्म व सनातन से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने भाजपा नेत्री अपर्णा यादव को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया।समारोह में आचार्य प्रदीप के संयोजन में वाराणसी के पुरोहितों ने विधि-विधान से गौरी गणेश के पूजन के उपरान्त वाराणसी की तर्ज पर यूपी महोत्सव के प्रांगण में गंगा जी की आरती कर सम्पूर्ण परिवेश को भक्ति के रंग में रंग दिया। कोविड प्रोटोकाल के तहत आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित महोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ कलाकारों ने गणेश वंदना से कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
भक्ति भावना से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के उपरान्त  सीमा वीरवानी ने बॉलीवुड गीतों और भजनों की सरिता प्रवाहित की। मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त अंकिता बाजपेयी ने तिरंगा शान है मेरी और ऐश्वर्या रस्तोगी ने टूटे बाजू बन्द गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना और सम्पूर्ण शुक्ला ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!