यूपी महोत्सव में ब्रज की लट्ठमार होली संग मयूर नृत्य की छटा बिखरी

यूपी महोत्सव ग्यारहवीं सांस्कृतिक संध्या में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर दर्शक मंत्र मुग्ध

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में सेक्टर ओ पोस्टल ग्राउण्ड केन्द्रीय विद्यालय के सामने अलीगंज लखनऊ में चल रहे 15वें यूपी महोत्सव-2022 की ग्यारहवीं  सांस्कृतिक संध्या में ब्रज की लट्ठमार होली संग मयूर नृत्य की मनोरम छटा बिखरी।15वें यू पी महोत्सव की ग्यारहवीं सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एन बी सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। प्रदेश सरकार द्वारा प्रद्वत कोविड-19 के नियमों के तहत आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित यूपी महोत्सव की ग्यारहवीं सांस्कृतिक संध्या का आरम्भ सुजीत अलबेला समूह के कलाकारों ने गणेश वंदना कृपा करो गौरी लाल पर भाव पूर्ण नृत्य से कर दर्शकों को भगवान गणेश जी की भक्ति के सागर में आकन्ठ डुबोया। भक्ति भावना से ओत प्रोत इस प्रस्तुति के उपरान्त राहुल ने खुल गए ताले पर अपने भावाभिनय द्वारा भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के बाद शिवा पांडेय, राहुल, अंकिता, सुभाषिनी, मानसी, आकाश, विशाल और विकास ने मुख दिखा दे मैया लाल का पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर श्री कृष्ण लीला की मनोरम प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र बिन्दु रही ब्रज की लट्ठमार होली और मयूर नृत्य। सुजित अलबेला, अंकिता, शिवम शर्मा, आंसू शर्मा, शिवा शर्मा, ईशान, राहुल और आकाश ने रंग डार गयो साँवरिया पर ब्रज की लट्ठमार होली की मनोरम छटा बिखेरी तो वहीं दूसरी ओर मोर बन आयो रसिया पर मयूर नृत्य की हृदयग्राही प्रस्तुति दे कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।

संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले सोपान में नवकला अकादमी के कलाकारों आकांक्षा गुप्ता, अनन्त शर्मा, निलन्जना कान्जीलाल, वैष्णवीं  मिश्रा, सृष्टि सिंह, प्रीती मौर्या, आयुषी अवस्थी, अंशिका मिश्रा और प्रिया ने नवनीत रस्तोगी के निर्देशन में भरतनाट्यम नृत्य शैली में पगे द्रौपदी चीर-हरण नृत्य बैले को प्रस्तुत कर दर्शकों को नारी के सम्मान पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द सक्सेना और सम्पूर्ण शुक्ला ने किया।

कवि सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षित का संदेश

इसके पूर्व आज दिन में उ.प्र. साहित्य सभा हरदोई द्वारा आयोजित आओ एक पेड़ लगाएं पर्यावरण स्वच्छ बनाए विषयक कवि सम्मेलन में आर वी शर्मा, संदीप अनुरागी, अजीत शुक्ला, आनन्द विश्वकर्मा, राज कुमार सिंह, देवेन्द्र सिंह चौहान, अनमोल शुक्ला, कौशलेंद्र सिंह, पवन कश्यप, राजेश बाबू, विनोद शर्मा, वैभव शुक्ला, चेतराम अग्यानी, आदर्श सिंह, विमल कुमार शुक्ला, विनय कुमार, देव उत्तम शर्मा ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया। कवि सम्मेलन का संयोजन आर वी शर्मा और संचालन संदीप अनुरागी ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!