कमरे में फंदे से लटका मिला नव विवाहिता का शव, पति ने भी किया आत्महत्या का प्रयास

क्राइम रिव्यू: एक नव विवाहिता का शव उसी के कमरे में फंदे से लटका पाया गया। पति ने अपने माता-पिता के सहयोग से शव फंदे से उतार लिया। इसके बाद पति घर के बाहर खड़े पीपल के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगा। शोर मचने पर पहुंचे ग्रामीणों ने फंदा काटकर युवक को जैसे-तैसे बचाया। उसे अस्पताल भेजा गया। इस बीच ग्राम प्रधान की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।

बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव बबूरा निवासी श्यामू का विवाह दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोहना निवासी सुखरानी के साथ विगत आठ मई को हुआ था। श्यामू की मां सावित्री देवी के अनुसार, मंगलवार की रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इसके बाद श्यामू घर से बाहर चला गया और उसकी पत्नी अपने कमरे में चली गई।

बुधवार को सुबह छह बजे जब वह सोकर उठी और पुत्रवधू के कमरे के दरवाजे की कुंडी खटखटाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच श्यामू भी आ गया। तब खिड़की से झांककर कमरे में देखा तो सुखरानी का शव छत के कुंडे में फंदे से लटका दिखाई दिया। श्यामू और उसके पिता गंगाराम खिड़की तोड़कर कमरे में पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतार लिया।

और भी पढ़ें: आजम खान के साथ अखिलेश यादव ने चखा आम का स्वाद, अब्दुल्ला ने भी दिया साथ

इसके बाद श्यामू घर से बाहर चला गया और पास में पीपल के पेड़ पर चढ़कर रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगा। शोर-शराबा मचने पर गांव के अनेक लोग मौके पर जा पहुंचे। ग्रामीणों ने रस्सी का फंदा काटकर श्यामू को बचाया। नीचे गिरने से उसे कुछ चोटें भी आईं हैं। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान गांव के प्रधान रजनीश कुमार ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। तब थाना प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे और नव विवाहिता का शव कब्जे में लेकर ससुराल वालों से पूछताछ की। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद विवाहिता के मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतका के मायके वालों का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!