यमुना नदी के बढ़ते हुए जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क, बाढ़ की आपदा से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित

क्राइम रिव्यू: पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते यूपी समेत देश के कई राज्यों का बुरा हाल है. चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. बारिश का सबसे ज्यादा प्रकोप हिमाचल प्रदेश में देखने को मिला है. वहीं हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. जिसके चलते यमुना के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है. कई लोगों को वहां से हटाया गया है. यूपी के जनपद गौतमबुद्ध नगर में भी यमुना नदी के बढ़ते हुए जलस्तर के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बाढ़ की आपदा से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है.

यमुना नदी दिल्ली से होते हुए गौतमबुद्ध नगर जनपद में प्रवेश करती है. हथिनी कुंड बैराज से छोड़ पानी की वजह से इन दिनों यमुना जलस्तर बढ़ा हुआ है. जिसे लेकर नोएडा प्रशासन भी सतर्क हो गया है. बाढ़ या आपदा की स्थिति से बचने के लिए यहां पर भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं. बाढ़ से जैसे हालात से बचने के लिए लोगों को यमुना के आसपास के क्षेत्र से हटाया जा रहा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है. यमुना के पानी पर लगातार प्रशासन नजर बनाए हुए हैं.

और भी पढ़ें: सीएम योगी ने दिए सभी थानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश, ‘सेफ सिटी’ वाला देश का पहला राज्य होगा यूपी

जनपद गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए निर्देशित किया गया है. उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा होने से नदियों का जलस्तर बढ़ा है और हथिनी कुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है. अधिकारी ने कहा कि उक्त स्थिति को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. डीएम ने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया कि वे घबराएं नहीं और बाढ़ की स्थिति में सहायता के लिए अधिकारियों से संपर्क करें. उन्हें तत्काल मदद दी जाएगी.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!