दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण बाहर से आने वाले भारी वाहनों पर लगी रोक

क्राइम रिव्यू: देश की राजधानी दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर और रोड पर पानी भर जाने के कारण दिल्ली में बाहर से आने वाले भारी वाहनों को सिंघु बॉर्डर पर ही रोक दिया जा रहा है। केवल जरूरी सामानों से भरे ट्रकों को दिल्ली के अंदर आने की अनुमति दी जा रही है। वही पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, उत्तराखण्ड से आने वाली बसों को सिंधु बॉर्डर पर भी रोका जा रहा है। क्योंकि दिल्ली के कश्मीरी गेट अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा झील बन गया है। चारो तरफ से पानी-ही पानी नजर आ रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने दिल्ली में आने वाली सभी बसों पर रोक लगा दी। केवल जरुरी समान की सेवा वाली गाड़ियों को अन्दर जाने की अनुमति दी गई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि यमुना के बढ़ते जलस्तर से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला के जल शोधन संयंत्रों के बंद होने से शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है। यमुना नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह बढ़कर 208.48 मीटर तक पहुंच गया जिससे आस-पास की सड़कें, सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए हैं। इस वजह से नदी के करीब रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वजीराबाद में जल शोधन संयंत्र का दौरा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोगों को राहत देने के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।

और भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गैलेक्सी प्लाजा में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदे लोग

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से आज कई जल शोधन संयंत्र बंद करने पड़े हैं। यमुना किनारे बने वजीराबाद जल शोधन संयंत्र का आज मैंने खुद दौरा किया। जैसे ही स्थिति यहां सामान्य होगी हम इसे जल्द शुरू करेंगे।” पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी ने बुधवार की रात 208 मीटर के निशान को पार कर लिया और बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक जल स्तर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग ने जलस्तर के और बढ़ने का अनुमान जताया है। उसने इस स्थिति को ‘अत्यंत गंभीर’ बताया है। केजरीवाल ने पहले एक ट्वीट में लिखा,”यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वजीराबाद, चन्द्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्रों को बंद करना पड़ रहा है। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!