महिलाओं के प्रति पुरुषों को अपनी सोच बदलनी होगी : जितिन प्रसाद

शक्ति स्वरूपा महिला सम्मान समारोह व पूर्व विधायक डी.पी.बोरा की जयंती तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विधायी राजनीति के बीस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजन

क्राइम रिव्यू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि महिलाओं के प्रति पुरुषों को अपनी सोच बदलनी होगी। जब महिलाएं अपने निर्णय लेने में समर्थ व स्वतंत्र होगी। तभी वास्तविक सशक्तिकरण माना जाएगा। श्री प्रसाद गुरुवार को जानकीपुरम स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पं. रामप्रसाद बिस्मिल प्रेक्षागृह में आयोजित शक्ति स्वरूपा महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। समारोह में विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ महिलाओं को शक्ति स्वरूपा महिला सम्मान प्रदान करने के साथ ही तकरीबन आठ सौ महिलाओं का अभिनन्दन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विधायी राजनीति के 20 वर्ष पूर्ण होने तथा लखनऊ से लगातार दो बार विधायक रहे डी.पी. बोरा की 81वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में सरकार के नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन पर केन्द्रित मिशन शक्ति अभियान को समर्पित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर मैंने भाजपा ग्रहण की। मैंने विपक्ष में रहकर उनको देखा है और आज पक्ष से देखते हुए यह कह सकता हूं कि वे वोट के राजनीति नहीं करते। वह देश को बनाने और संवारने का काम करते हैं। श्री प्रसाद ने कहा कि विश्व में अनेक नेता हैं किन्तु मोदी जी वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक लोकप्रिय हैं। एक समय में प्रधानमंत्री के रूप में शास्त्री जी के आह्वान पर जनता एकजुट हुई तो आज मोदी जी के आह्वान पर भी वैसी ही एकजुटता देखने को मिली। उनके आह्वान पर सक्षम लोगों ने सब्सिडी छोड़ी और उज्ज्वला योजना के तहत हर घर सिलेंडर पहुंचाने का स्वप्न साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप में मैंने देखा है कि योजनाएं तो कागज पर बन जाती हैं किन्तु असली चुनौती उसे जमीन पर उतारने की होती है। यह खुशी की बात है कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार में योजनाएं पात्रों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने विधायक नीरज बोरा से दल और दिल का रिश्ता बताते हुए जनता का आह्वान किया कि वे योगी और मोदी के साथ खड़े हों, इसी में देश का भला है।
लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने अपने पिता डी.पी. बोरा की स्मृति को नमन करते हुए मोदी-योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा कहा कि दीनदयाल जी के एकात्म मानववाद और अन्त्योदय की परिकल्पना साकार हो रही है। आज समाज के अन्तिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को घर के मुखिया के रूप में स्थापित करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। इससे पहले प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद, समाजसेवी पंकज बोरा, क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा, समाजसेविका बिन्दू बोरा आदि ने दीप प्रज्ज्वलन तथा डी.पी.बोरा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संचालन शैलेन्द्र शर्मा अटल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीजेपी नगर उपाध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह तोमर, पार्षद रूपाली गुप्ता, खुशबू राखी मिश्रा, दीपक मिश्रा, राघव राम तिवारी, मंडल अध्यक्ष राकेश पांडेय, लवकुश त्रिवेदी आदि उपस्थित रहे।
इन महिलाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ महिलाओं को शक्ति स्वरूपा महिला सम्मान प्रदान करने के साथ ही तकरीबन आठ सौ महिलाओं का अभिनन्दन किया गया। सम्मानित होने वालों में नेता जी सुभाष चन्द्र बोस महाविद्यालय की प्राचार्य अनुराधा तिवारी, बाल महिला चिकित्सालय, अलीगंज की प्रभारी डॉ. अनामिका गुप्ता, नगर निगम की जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट एवं श्रीमती बिन्नो रिजवी, केजीएमयू ट्रान्सफ्यूजन मेडिसिन की विभागाध्यक्ष डा. तूलिका चन्द्रा, डूडा की परियोजना अधिकारी निधि बाजपेयी, समाजसेविका ममता त्रिपाठी, नीलम सिंह, ऊषा विश्वकर्मा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!