समस्याओं के निराकरण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण में गठित होगा आरडब्ल्यूए सेल, निरीक्षण के लिए नामित किए जाएंगे नोडल अफसर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने समस्त अपार्टमेन्टों के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने समस्त अपार्टमेन्टों के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आर0डब्ल्यू0ए0) के पदाधिकारियों के साथ रविवार को सामूहिक बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और आश्वासन दिया कि एक महीने के अंदर प्रत्येक प्रोजेक्ट का दौरा करके समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने समस्याओं के निराकरण के लिए आर0डब्ल्यू0ए0 सेल गठित करने के आदेश जारी किये हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के अफसरों को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया जाएगा, जो रोस्टर के मुताबिक अपार्टमेन्टों का निरीक्षण करके समस्याओं को निस्तारित करने का कार्य करेंगे।बैठक में जानकीपुरम विस्तार और गोमती नगर विस्तार के आर0डब्ल्यू0ए0 ने अवैध कब्जों, साफ-सफाई और विकास कार्यों का मुद्दा उठाया। इस पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार और गोमती नगर विस्तार में साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए नगर निगम को छह करोड़ रूपये दिये गए हैं। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों के लिए बिजली विभाग को चार करोड़ रूपये दिये गए हैं। गोमती नगर विस्तार की अप्रोच रोड पर नाले के निर्माण का कार्य किया जा रहा है और यहां सड़क बनाने के लिए टेंडर भी हो गया है। उन्होंने बताया कि वह एक सप्ताह के अंदर नगर आयुक्त के साथ संयुक्त रूप से कालोनियों का निरीक्षण करके समस्याओं का समाधान कराएंगे। उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि कोई भी काम आधा-अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा, सभी कार्य पूर्ण कराने के बाद ही दोनों कालोनियां नगर निगम को हैंड ओवर की जाएंगी। उपाध्यक्ष की इस घोषणा पर आर0डब्ल्यू0ए के पदाधिकारियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।खाली प्लाटों में झुग्गी-झोपड़ी पर कार्यवाही
बैठक के दौरान विभिन्न आर0डब्ल्यू0ए द्वारा शिकायत की गई कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कालोनियों में खाली प्लाटों पर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी बसा ली गयी है, जिससे गंदगी फैली रहती है और सुरक्षा को भी खतरा रहता है। इस पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्लाटों के आंवटियों को नोटिस प्रेषित की जाए। इसके बाद भी अगर वे सामने नहीं आते हैं तो प्लाटों पर बोर्ड लगाया जाए कि प्राधिकरण द्वारा उनका आवंटन निरस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे प्रकरणों के लिए दण्डनीय नीति भी बनायी जाएगी।

निजी अपार्टमेन्टों के आवंटियों की भी समस्याएं सुनी
इस मौके पर उपाध्यक्ष द्वारा निजी टाउनशिप/अपार्टमेन्टों में रहने वाले आवंटियों की भी समस्याएं सुनी गयीं। इनके आर0डब्ल्यू0ए0 ने पार्किंग आवंटन, अवैध कब्जे व मेन्टेनेंस आदि के सम्बंध में शिकायत की। बीबीडी ग्रीन सिटी के आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारी ने बताया कि तीन साल बाद भी बेसमेंट पार्किंग चालू नहीं हो सकी है। साथ ही विकासकर्ता द्वारा आवंटियों को जबरन उनके द्वारा चयनित इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर की ही सेवाएं लेने के लिए बाध्य किया जाता है। इस पर उपाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सूरत में उपभोक्ताओं पर ऐसी बाध्यता नहीं लगाई जा सकती है, इस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उपाध्यक्ष ने कहा कि निजी अपार्टमेन्टों में रहने वाले आवंटियों की समस्याओं के समाधान के लिए विकासकर्ताओं और आर0डब्ल्यू0ए की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

बच्चों से कराएं पौधारोपण का कार्य
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के तहत सभी अपार्टमेन्टों में निःशुल्क पौधे दिये जाएंगे। छः महीने बाद सभी जगहों का सर्वें कराया जाएगा, जिन अपार्टमेन्टों में पौधे लगाने के साथ ही उनकी देखभाल अच्छे से मिलेगी, वहां के आर0डब्ल्यू0ए0 को सम्मानित किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारियों से कहा कि बच्चों व युवा पीढ़ी को सामाजिक सरोकार से जोड़ने के लिए उनके हाथों से पौधारोपण करवाएं। साथ ही बच्चों को ही पौधों की देखभाल के लिए प्रोत्साहित करें। इसके अलावा उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में भी आर0डब्ल्यू0ए का सहयोग मांगते हुए कहा कि सभी अपार्टमेन्टों को सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री जोन बनाएं। उपाध्यक्ष ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए प्राधिकरण द्वारा अपने अपार्टमेंट्स के फ्लैटों में कपड़े से बने झोले बांटे जाएंगे।

सम्बंधित अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, अधिशासी अभियन्ता के0के0 बंसला, अवनीन्द्र कुमार सिंह, नवनीत शर्मा, उप सचिव माधवेश कुमार सहित आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारियों में उमाशंकर दूबे, रामकुमार यादव, आर0पी0 सिंह, राजेश वत्स, के0के0 सिंह, विवेक शर्मा, विजय शर्मा, नम्रता तिवारी, हजारी सिंह, राम तिवारी, अक्षत प्रकाश तथा विनय कृष्ण पाण्डेय समेत अन्य सम्मानित गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!