व्यापारियों के साथ बैठक में डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी बोले-असामाजिक तत्वों पर होगी कठोर कार्रवाई

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वाधान में "व्यापारी- पुलिस बैठक में उत्तरी क्षेत्र के व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखी अपनी समस्याएं

क्राइम रिव्यू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वाधान में अयोध्या रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में “व्यापारी-पुलिस बैठक” का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में गश्त बढ़ाने, अस्थाई बेरिकेटिंग से जाम, बियर शॉप पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े समेत तमाम समस्याएं उठाई। जिसपर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में खुर्रम नगर आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमेश सनवाल ने खुर्रम नगर चौराहे पर बनाये गए पुलिस बूथ के कारण मार्ग अवरुद्ध होने का मुद्दा उठाते हुए उसे दूसरी जगह या पिंक बूथ के पास शिफ्ट करने की मांग की। सनवाल ने बकरा मंडी को कल्याण अपार्टमेंट के पास शिफ्ट करने की भी बात रखी। रहीम नगर के अध्यक्ष मसीउजजमा गांधी ने रहीम नगर मार्केट में देसी शराब एवं बियर की दुकानों पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े का मुद्दा उठाया। भूतनाथ मार्केट के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने भूतनाथ मार्केट में बेबियन रेस्टोरेंट से सेंट डोमिनिक तक सड़क जाम का मुद्दा रखा। तकरोही मार्केट के अध्यक्ष कुलदीप यादव ने बाजार में जाम और पुलिस गश्त नहीं होने की समस्या उठाई।
बैठक में बादशाह नगर मार्केट के अध्यक्ष मोहम्मद फुरकान एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य अयोध्या रोड पर पुलिस द्वारा अस्थाई बैरीकेटिंग लगाए जाने के कारण यातायात में आ रही असुविधा का मुद्दा उठाया। भूतनाथ मार्केट के पदाधिकारियों ने बाजारों में पुनः कब्जा ना हो पाए इसके लिए लगातार सख्ती  करने की मांग की।
बैठक में डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों एवं व्यापारियों को पूर्ण रूप से आश्वासन दिया कि उनकी सभी दिक्कतों को चिन्हित करते हुए समस्याओं का जल्द निवारण किया जाएगा।
एडीसीपी उत्तरी अनिल कुमार यादव ने कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए है। लेकिन दोनों वर्गों के मिलकर कार्य करने से अनहोनी घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सभी समस्याओं का भौतिक सत्यापन कराकर उसका समाधान कराया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों से सभी व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की तथा संगठन का सहयोग करने का वायदा किया। बैठक में व्यापार मंडल ने उत्तरी क्षेत्र के सभी नव नियुक्ति पुलिस अधिकारियों को फूल मालाओं के साथ अभिनन्दन भी किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन, कपूरथला मार्केट के अध्यक्ष राजवीर सिंह, रिंग रोड मार्केट के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, तकरोही मार्केट के अध्यक्ष कुलदीप यादव, सर्वोदय नगर के अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, निशातगंज के अध्यक्ष अजय जयसवाल, भूतनाथ मार्केट की अध्यक्ष कमल अग्रवाल, बादशाह नगर अध्यक्ष मोहम्मद फुरकान, ट्रांस गोमती के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश अवस्थी, व्यापारी नेता नरेंद्र शर्मा, भूतनाथ मार्केट के महामंत्री मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश सक्सेना, सौरभ अरोड़ा, अरसद सफीपुरी श्याम सुंदर अग्रवाल विवेक श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!