नानकशाही मठ और लल्लूमल घाट का होगा पर्यटन विकास

लखनऊ उत्तर के लाभार्थी सम्मेलन में बोले पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह , मोदी राज में मिला हर वर्ग को सम्मान

क्राइम रिव्यू

लखनऊ। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आज कहा कि केन्द्र व राज्य की सरकारें मिलकर नये भारत का निर्माण कर रही हैं। अंत्योदय की परिकल्पना साकार हो रही है और भारत अपने सांस्कृतिक वैभव को पुनः प्राप्त करने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है।सोमवार को डालीगंज के मौसमगंज रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे जनसम्पर्क महाभियान के क्रम में आयोजित लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थी सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग को संरक्षण और सम्मान दिया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा के प्रस्ताव पर डालीगंज के प्राचीन लल्लूमल घाट और खदरा के नानकशाही मठ के सौन्दर्यीकरण तथा पर्यटन विकास कराये जाने की घोषणा भी की।सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए विधायक डा. नीरज बोरा ने केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाएं गिनाईं वहीं लखनऊ के सांसद और सरकार के वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा रक्षा क्षेत्र में किये अभूतपूर्व कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन को ऐतिहासिक बताया साथ ही लखनऊ उत्तर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा की।

सम्मेलन में राज्य हज समिति के अध्यक्ष मोहसिन रजा, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र शर्मा अटल ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिवस पर दीर्घायुष्य की कामना की गई। स्वच्छ पर्यावरण आन्दोलन सेना के प्रमुख तथा मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, रामऔतार कन्नौजिया, सौरभ वाल्मीकि, विवेक सिंह तोमर, प्रदीप शुक्ला, राघव राम तिवारी, पृथ्वी गुप्ता, अभिलाषा कटियार, चन्द्रबहादुर सिंह, स्वदेश सिंह, मान सिंह यादव, रश्मि सिंह, राजकुमारी, अवधेश त्रिपाठी आदि पार्षद गण, मण्डल अध्यक्ष सुदर्शन कटियार, विशाल गुप्ता, लवकुश त्रिवेदी, राकेश पाण्डेय सहित भाजपा कार्यकर्ता और सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी भारी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!